संवाददाता / उरई-जालौन
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, जालौन में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी समीर की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों की सूची पर विस्तार से चर्चा की गई तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव और आपत्तियां मांगी गईं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज ने बताया कि निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद जालौन में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 के लिए कुल 24 मतदान केंद्रों पर 33 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। प्रस्तावित मतदेय स्थलों की सूची बैठक में उपस्थित सभी संबंधित प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई।
अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि प्रस्तावित मतदान केंद्रों अथवा मतदेय स्थलों के संबंध में यदि किसी प्रकार की आपत्ति या सुझाव हो तो उसे निर्धारित सात दिवस की अवधि में जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध करा दें। प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
निर्वाचन तैयारियों को लेकर हुई चर्चा
बैठक के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट पर भी इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली और निर्वाचन संबंधी सूचनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी समीर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, उप जिलाधिकारी माधौगढ़ मनोज प्रकाश, उप जिलाधिकारी कोंच अभिनव कुमार यादव, तहसीलदार अभिनव तिवारी, तहसीलदार उरई सुरेन्द्र कुमार गौतम सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
राजनीतिक दलों की ओर से भारतीय जनता पार्टी के निर्वाचन प्रतिनिधि शान्ति स्वरूप महेश्वरी, सीपीआईएम के जिला सचिव विनोद कुमार नगरिया, बहुजन समाज पार्टी के जिला सचिव भगवती शरण पांचाल, अपना दल (सोनेलाल) के जिलाध्यक्ष अनिल कुदारी, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सीताराम वर्मा, समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव जमालुद्दीन सहित अन्य प्रतिनिधियों ने बैठक में सहभागिता की।