जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं, हर बूंद बचाना राष्ट्र सेवा : स्वतंत्र देव सिंह

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर शहर स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पानी प्रकृति का अमूल्य उपहार है और इसकी प्रत्येक बूंद की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने स्तर पर जल संरक्षण का संकल्प ले, तो भविष्य में जल संकट जैसी समस्या से बचा जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से वर्षा जल संचयन अपनाने तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि “पानी बचाने से बड़ा कोई पुण्य नहीं है।” बच्चों में भी जल संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित की जानी चाहिए। इसके लिए विद्यालयों में व्यवहारिक प्रशिक्षण तथा जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। यदि आज से ही जल बचाने की आदत विकसित की जाए तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने जल बचाने तथा जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *