संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात, 09 जुलाई 2026। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर 03 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, सेवायोजकों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों एवं संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि राज्य स्तरीय पुरस्कार दिव्यांगजनों के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले सेवायोजकों, सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी, सर्वश्रेष्ठ संस्था, प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व, नवीन अनुसंधान एवं उत्पाद विकास, बाधामुक्त वातावरण के सृजन, दिव्यांगजनों को पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने वाले जनपद, उत्कृष्ट दिव्यांग खिलाड़ी, दिव्यांगजनों के अनुकूल वेबसाइट तथा दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित कुल 12 श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं आवेदन पत्र दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त विभाग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1995 पर भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन आवश्यक अभिलेखों सहित दो प्रतियों में कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, कक्ष संख्या-105, विकास भवन, माती, कानपुर देहात में 15 जुलाई 2026 तक जमा कर सकते हैं।
उन्होंने अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं से समय रहते आवेदन कर इस राज्य स्तरीय सम्मान के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत करने की अपील की।