बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत मेधावी बेटियों का सम्मान, छात्राओं के खातों में ₹5-5 हजार की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित

संवाददाता
उरई/जालौन

महिलाओं एवं बेटियों के सशक्तिकरण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत शैक्षिक सत्र 2025-26 में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।

आयोजित सम्मान समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रत्येक मेधावी छात्रा के बैंक खाते में ₹5,000 की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित किए जाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई। समारोह में छात्राओं के साथ उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि बेटियां आज शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समान अवसर और परिवार का सहयोग मिले तो वे समाज और देश का नाम रोशन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का जनआंदोलन है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों की शिक्षा किसी भी परिस्थिति में बाधित न होने दें, उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करें तथा उनके सपनों को साकार करने में हर संभव सहयोग दें। उन्होंने कहा कि सम्मानित छात्राएं अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है।

कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के उद्देश्यों, बालिका शिक्षा, सुरक्षा, संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। समारोह का उद्देश्य मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने के साथ-साथ समाज में बालिका शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना तथा बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *