संवाददाता
उरई/जालौन
जनपद के ग्राम विरासनी में एक मकान की सीढ़ी (जीने) की स्लोप अचानक गिर जाने से तीन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी हेमन्त पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार एवं हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में प्रिया पुत्री अनिल कुमार (6 वर्ष) के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई से बेहतर उपचार के लिए झांसी रेफर किया गया है। वहीं जिया पत्नी अनिल कुमार (28 वर्ष) तथा सरस्वती पत्नी शिवम कुमार (30 वर्ष) को सामान्य चोटें आई हैं। दोनों घायलों का उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में चल रहा है तथा उनकी स्थिति सामान्य एवं स्थिर बताई गई है।
मौके पर उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि शासन के प्रावधानों के अनुसार दैवीय आपदा राहत मद से अनुमन्य आर्थिक सहायता प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन द्वारा पूरे मामले की लगातार निगरानी की जा रही है तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।