संवाददाता
कानपुर देहात
उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय कानपुर देहात द्वारा रविवार को विकास खंड डेरापुर परिसर में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बेरोजगार एवं शिक्षित युवक-युवतियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान एवं विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख रूबी द्विवेदी ने किया। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना तथा टूलकिट वितरण योजना सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उद्योग स्थापना की प्रक्रिया, पात्रता, ऋण सुविधा एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी प्रतिभागियों को जागरूक किया।
इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्राम प्रधानों और बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को दी, जिससे अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश कुमार अग्निहोत्री एवं खंड विकास अधिकारी संजू ने प्रतिभागियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं तथा युवाओं को रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक अंकिता, शिवेन्द्र सिंह, आरसेटी फैकल्टी निखिल मिश्रा, शिवम शुक्ला सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे।