केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन

संवाददाता
कानपुर देहात

केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद पुखरायां द्वारा वार्ड संख्या 4 इन्द्रा नगर स्थित मंडप भवन बारातशाला में जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों और उनके सकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का संकल्प आज धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका परिषद पुखरायां की अध्यक्ष पूनम दिवाकर ने बताया कि नगर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना, सीवरेज एवं जल निकासी परियोजनाओं, पेयजल व्यवस्था, वंदन योजना तथा मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत सीसी सड़क, नाला निर्माण, नलकूप स्थापना सहित अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम के उपरांत भाजपा जिलाध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी एवं वन रेंज अधिकारी ने इन्द्रा नगर बारातशाला परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने बारातशाला के जीर्णोद्धार तथा मार्ग के बीच स्थित निष्प्रयोज्य विद्युत पोलों को हटाने की मांग का ज्ञापन जिलाध्यक्ष के माध्यम से नगर पालिका को सौंपा। अधिशासी अधिकारी ने शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया तथा अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए भी पत्राचार कर कार्रवाई करने की बात कही।

कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक चन्द्रप्रकाश ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि करूणाशंकर दिवाकर, सभासद मनोज कुमार कुरील, संतोष कुमार, अखिलेश सिंह, मुकेश कुमार, रमेशचन्द्र, देवेन्द्रनाथ राही, पालिका कर्मचारी जीतेन्द्र कुमार, विकास यादव, हर्ष सचान, अरविन्द सचान, स्वच्छ भारत मिशन के डीपीएम आशुतोष मिश्रा, आशीष सैनी, प्रमोद गुप्ता, सोनू, मनोज कुमार मिश्रा, सुनील पाल, महेश कुमार सैनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण एवं विकास की इस यात्रा में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *