मोदी-योगी सरकार की योजनाओं से बदली नगर पंचायतों की तस्वीर : प्रतिभा शुक्ला

संवाददाता
कानपुर देहात

केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को नगर पंचायत रनिया के वार्ड संख्या 11 सुभाष नगर चिराना में “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला तथा पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

जनचौपाल में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। ग्रामीणों ने कहा कि अब योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंच रहा है।

वार्ड निवासी धर्मेंद्र पासवान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का सीधा लाभ गरीब और जरूरतमंद वर्ग को मिल रहा है। वहीं सुनीता ने उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि गैस कनेक्शन मिलने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आई है।

पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के 12 सफल वर्ष पूरे किए हैं। इस दौरान भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकारें विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, हर घर जल योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने आमजन के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया है। साथ ही प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, बेहतर कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और निवेश को बढ़ावा देने वाले कार्यों ने उत्तर प्रदेश को नई पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से जनप्रतिनिधि गांव-गांव जाकर जनता से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र कुशवाहा, नगर पंचायत अध्यक्ष बिटान दिवाकर, सभासद शीलू मिश्रा, संजय पांडेय, सोनू मिश्रा, पम्मी सिंह, मनीष राय, जगदीश अवस्थी, राजेश तिवारी, दुष्यंत शुक्ला, नितिन कुशवाहा, रामकिशोर दिवाकर, शैलेन्द्र सिंह, पिंटू प्रजापति, गुड्डू दिवाकर, धर्मेंद्र पासवान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *