अपर पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक ने आरक्षी भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा की निष्पक्षता एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा, ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश

संवाददाता | उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र श्री आकाश कुलहरि ने जनपद जालौन के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं सत्यापन प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की मुस्तैदी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए।

अपर पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक ने ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अव्यवस्था अथवा नकल के प्रयास पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को भी प्रभावी बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक जालौन सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए समन्वित रूप से कार्य करने और शासन की मंशा के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *