संवाददाता | उरई/जालौन
अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने मंगलवार को जनपद जालौन के भ्रमण के दौरान सर्किट हाउस पहुंचकर पुलिस गार्द की सलामी ली। निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आयोजित गार्द सलामी के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद की कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, जनसुरक्षा तथा जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सतत निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए तथा जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कर आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत किया जाए।
अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान जारी रखने, पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाने तथा सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने जनपद की सुरक्षा व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण से संबंधित बिंदुओं पर जानकारी प्रस्तुत की तथा दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।