संवाददाता
कानपुर देहात, 15 जून 2026
महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अर्चना पटेल 17 जून को कानपुर देहात में महिला जनसुनवाई करेंगी। इस दौरान जनपद की पीड़ित महिलाएं अपनी शिकायतें सीधे आयोग सदस्य के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव ने बताया कि मा० सदस्या, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग श्रीमती अर्चना पटेल की अध्यक्षता में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम 17 जून 2026 को प्रातः 11:00 बजे सर्किट हाउस सभागार, कानपुर देहात में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों का प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना तथा पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाना है।
जनपद की कोई भी पीड़ित महिला इस जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी समस्या से संबंधित प्रार्थना पत्र आयोग सदस्य को प्रस्तुत कर सकती है। संबंधित विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे, ताकि प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी जरूरतमंद एवं पीड़ित महिलाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी समस्याओं के समाधान हेतु महिला जनसुनवाई कार्यक्रम में सहभागिता करें।