जिला स्तरीय रेस्क्यू टास्क फोर्स ने चलाया विशेष रेस्क्यू अभियान रसूलाबाद क्षेत्र में अनाथ, परित्यक्त एवं निराश्रित व्यक्तियों की तलाश, किसी भी व्यक्ति की नहीं हुई पहचान

संवाददाता
कानपुर देहात, 15 जून 2026

जिलाधिकारी कपिल सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में सोमवार को मा० न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में विकासखंड रसूलाबाद क्षेत्र में जिला स्तरीय रेस्क्यू टास्क फोर्स द्वारा विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में सड़कों पर रहने वाले अनाथ, परित्यक्त एवं आपातकालीन स्थिति में जीवनयापन कर रहे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराना था।

रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम ने रसूलाबाद क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों, मुख्य चौराहों, बस स्टॉप एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मौजूद लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा एम्बुलेंस सेवा 108 सहित अन्य महत्वपूर्ण टोल फ्री नंबरों की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई।

जिला स्तरीय रेस्क्यू टास्क फोर्स ने अभियान के दौरान विकासखंड रसूलाबाद क्षेत्र में कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे किसी भी अनाथ, परित्यक्त, निराश्रित महिला, पुरुष अथवा बच्चे की पहचान नहीं होने की पुष्टि की।

रेस्क्यू अभियान में महिला कल्याण विभाग के वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर, स्वयंसेवी संस्था अकबरपुर के संस्थापक, चाइल्ड हेल्पलाइन अकबरपुर के सुपरवाइजर सहित विभिन्न विभागों के नामित अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *