संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात। मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद कानपुर देहात में 12 जुलाई 2026 (रविवार) को वृहद स्तर पर वृक्षारोपण महाअभियान-2026 आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जाएगा। इसमें शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक बृज भूषण चौधरी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों एवं समाज में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। इसके लिए सभी प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक विद्यालय छात्र-छात्राओं की सहभागिता के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करे तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल एवं संवर्धन की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों से शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए जनभागीदारी के साथ वृक्षारोपण महाअभियान-2026 को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है।