संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण तथा कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर पुलिस टीमों ने सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
अभियान के दौरान महिलाओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता से भी अवगत कराया गया। इनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) प्रमुख रहे।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं अन्य साइबर ठगी से बचने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
इसके अलावा महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत उपलब्ध कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना तथा समाज में उनके प्रति सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि यदि वे किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध का सामना करें, तो बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क करें, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।