संवाददाता | उरई/जालौन
उरई, 09 जुलाई 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जालौन के तत्वावधान में 11 जुलाई 2026 को जूनियर हाईस्कूल, उसरगांव (मड़ोरा), कोंच रोड, उरई में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ पूर्वाह्न 11:00 बजे होगा।
सचिव/तहसीलदार, तहसील विधिक सेवा समिति ने बताया कि माननीय अपर जिला जज एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जालौन के निर्देशानुसार जुलाई माह के विधिक सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड विकास अधिकारी डकोर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी (शहर), बाल विकास परियोजना अधिकारी (शहर) तथा पूर्ति निरीक्षक, उरई सहित संबंधित अधिकारियों को प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कानून, नालसा (आशा–जागरूकता, समर्थन, सहायता एवं कार्यवाही) कार्यक्रम, बाल विवाह रोकथाम हेतु मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी)-2025, महिला सशक्तिकरण, महिलाओं के अधिकार एवं संरक्षण संबंधी कानूनों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी प्रदान की जाएगी।
इस कार्यक्रम के लिए योगेन्द्र सिंह तखेले को टीम लीडर एवं पैरा लीगल वालंटियर (PLV) नामित किया गया है। उनके निर्देशन में आयोजित होने वाले इस शिविर में ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, सरकारी योजनाओं तथा कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।