हज-2027 के इच्छुक आवेदक समय से बनवाएं वैध पासपोर्ट 31 दिसंबर 2027 तक वैध मशीन पठित पासपोर्ट होगा अनिवार्य, आधिकारिक घोषणा जल्द

संवाददाता | उरई/जालौन

प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस, सरोजनी नगर, लखनऊ द्वारा हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के सर्कुलर-1 दिनांक 02 जून 2026 के माध्यम से हज-2027 (1448 हिजरी) की प्रारंभिक तैयारियों के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्रालय द्वारा जारी प्रपत्र के अनुसार हज-2027 की आधिकारिक घोषणा शीघ्र की जाएगी। ऐसे में इच्छुक हज यात्रियों को आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई है।

जारी निर्देशों के अनुसार हज-2027 के लिए मशीन पठित (Machine Readable) पासपोर्ट अनिवार्य होगा। हस्तलिखित पासपोर्ट मान्य नहीं होंगे। इसके अलावा आवेदन करने वाले प्रत्येक यात्री का पासपोर्ट 31 दिसंबर 2027 तक वैध होना आवश्यक है।

प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि नए पासपोर्ट बनवाते समय आवेदक विशेष रूप से यह सुनिश्चित करें कि पासपोर्ट में सरनेम/लास्ट नेम का कॉलम खाली न रहे, क्योंकि आवेदन प्रक्रिया में इसकी आवश्यकता होगी।

उन्होंने जनपद के सभी इच्छुक हज यात्रियों से अपील की है कि जिनके पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध पासपोर्ट उपलब्ध नहीं है, वे तत्काल पासपोर्ट कार्यालय में नया पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन करें, ताकि हज-2027 की आधिकारिक घोषणा के बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि समय रहते पासपोर्ट तैयार रखने से हज आवेदन प्रक्रिया सरल एवं सुगम होगी और इच्छुक आवेदक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन आसानी से कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *