नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा सकुशल संपन्न एडीजी कानपुर जोन, आईजी झांसी परिक्षेत्र, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, अंतिम दिन भी व्यवस्थाएं रहीं चाक-चौबंद

संवाददाता | उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का अंतिम दिन जनपद जालौन में नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा के दौरान सुरक्षा, निगरानी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को पूरी तरह सुदृढ़ रखा गया, जिससे सभी केंद्रों पर परीक्षा व्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई।

अंतिम दिन अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र श्री आकाश कुलहरि, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते हुए केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को परीक्षा की निष्पक्षता एवं शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

जनपद में अंतिम दिन दोनों पालियों में कुल 6,528 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। प्रथम पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2,632 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 632 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2,641 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया और 623 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

इस प्रकार अंतिम दिन दोनों पालियों में कुल 5,273 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,255 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली पूरी तरह सक्रिय रही और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की घटना सामने नहीं आई।

प्रशासन एवं पुलिस विभाग के समन्वित प्रयासों से भर्ती परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पूरी परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *