सीडीओ ने सीएम डैशबोर्ड योजनाओं की समीक्षा की, खराब प्रगति पर वेतन रोका

कानपुर देहात।
विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तरीय संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विभागवार प्रगति का गहन परीक्षण किया और पाया कि कुछ विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं कर रहे हैं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करते हुए योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से योजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, इसलिए सभी विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें। साथ ही योजनाओं से संबंधित आंकड़ों को समय से डैशबोर्ड पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान अत्यंत खराब प्रगति पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए समाज कल्याण अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वृद्धावस्था पेंशन में अधिक लंबित आवेदनों के चलते पटल सहायक बजरंग सिंह, शिवशंकर एवं समस्त एडीओ समाज कल्याण, सामूहिक विवाह योजना में कम प्रगति के कारण अम्बरीश त्रिवेदी तथा छात्रवृत्ति योजना में खराब प्रगति के कारण राम सिंह कमल के अप्रैल माह के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता बरतें, नियमित फील्ड निरीक्षण करें तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें।

बैठक के अंत में सभी विभागों को आगामी समीक्षा तक स्पष्ट सुधारात्मक प्रगति दिखाने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *