संवाददाता, कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान करने की दिशा में थाना राजपुर पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस की सक्रिय कार्रवाई के चलते साइबर ठगी के शिकार एक व्यापारी के खाते में ₹1,39,500 की धनराशि वापस कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इटखुदा, थाना सिकन्दरा निवासी अचिन्त्य कुमार पुत्र उदय नारायण सब्जी व्यापार का कार्य करते हैं। उन्हें एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को कद्दू व्यापारी बताया। झांसे में लेकर साइबर ठग ने विभिन्न बैंक खातों में कुल ₹1,39,500 ट्रांसफर करा लिए और धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
घटना के संबंध में शिकायतकर्ता ने 18 मार्च 2026 को थाना राजपुर स्थित साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना राजपुर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकिंग एवं साइबर प्रक्रियाओं का पालन किया।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने ठगी गई पूरी धनराशि ₹1,39,500 को 19 जून 2026 को शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दिया। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित व्यापारी ने कानपुर देहात पुलिस एवं थाना राजपुर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, साइबर धोखाधड़ी या बैंक खाते से अवैध निकासी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
इस कार्रवाई में थाना राजपुर के थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह एवं कांस्टेबल शिवप्रकाश पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बैंकिंग जानकारी, ओटीपी अथवा धनराशि हस्तांतरित करने से पहले पूरी तरह सत्यापन करने की अपील की है।