संवाददाता, कानपुर देहात
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस कर्मियों ने महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 1076 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की।
इसके साथ ही यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया तथा सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें पॉक्सो अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करना तथा अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाना है।
पुलिस विभाग ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
कानपुर देहात पुलिस का लक्ष्य जागरूकता, सुरक्षा और सहभागिता के माध्यम से एक सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त समाज का निर्माण करना है।