संवाददाता, कानपुर देहात
केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इको पार्क, माती में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला के दौरान उन्नत किसानों, बीसी सखी एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपनी सफलता की प्रेरणादायी कहानियां साझा कर उपस्थित लोगों को आत्मनिर्भरता और नवाचार का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद, रसूलाबाद विधायक पूनम शंखवार, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं विकास प्रदर्शनी के अवलोकन के साथ हुआ। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी सम्पन्न कराया गया।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने तथा कृषि लागत कम कर भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की आय बढ़ाने, मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने तथा पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम बन रही है। प्रशासन प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्राकृतिक खेती कार्यशाला में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को जीवामृत, बीजामृत, घनजीवामृत, मल्चिंग, फसल विविधीकरण एवं जैविक खेती की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक आई.एन. शुक्ला ने सब्जियों की वैज्ञानिक खेती, आधुनिक नर्सरी प्रबंधन एवं जैविक कीट नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कृषि विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी अमर सिंह पाल ने शून्य लागत प्राकृतिक खेती का व्यावहारिक प्रशिक्षण देते हुए गोबर एवं गोमूत्र आधारित जैविक उत्पादों के निर्माण की विधियां समझाईं। उन्होंने श्री अन्न (मोटे अनाज) के उत्पादन और स्वास्थ्य लाभों पर भी विशेष जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान झींझक ब्लॉक के ग्राम जसापुर के प्रगतिशील किसान फूल सिंह ने प्राकृतिक खेती अपनाकर लागत कम करने और आय बढ़ाने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जैविक संसाधनों के उपयोग से खेती अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनी है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत राजपुर विकासखंड की बीसी सखी प्रेमा देवी ने स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की अपनी प्रेरक यात्रा साझा की। वहीं क्लस्टर लेवल फेडरेशन की अध्यक्ष रंजना ने महिला समूहों के माध्यम से आजीविका संवर्धन की जानकारी दी।
सरवनखेड़ा विकासखंड की उमंग महिला स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष प्रतिमा सिंह ने बताया कि उनका समूह रेडीमेड वस्त्र निर्माण के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और सम्मानजनक आय उपलब्ध करा रहा है, जिससे अनेक परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, चेक एवं अन्य सहायता सामग्री वितरित की गई। लाभार्थियों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सम्मेलन का समापन विकसित भारत के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित जनसमुदाय ने प्राकृतिक खेती, महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं के लाभ को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।