संवाददाता
उरई/जालौन
थाना कदौरा क्षेत्र में सड़क पर आने-जाने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें मारपीट के दौरान घायल हुई एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को थाना कदौरा में तहरीरी सूचना प्राप्त हुई कि दो पक्षों के बीच सड़क पर आकस्मिक रूप से चलने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट हुई।
घटना के दौरान शशिप्रभा नामक महिला के सिर एवं सीने में गंभीर चोटें आईं। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के संबंध में थाना कदौरा में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व में किसी प्रकार का विवाद नहीं था तथा सभी एक ही गांव और एक ही बिरादरी से संबंधित हैं। पुलिस के अनुसार यह घटना सड़क पर हुए अचानक विवाद के बाद हुई मारपीट का परिणाम है।
अपर पुलिस अधीक्षक जालौन ने बताया कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा रही है।