महिला के कान का झाला छीनकर फरार हुए थे तीन बाइक सवार, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
संवाददाता
कानपुर देहात।
शिवली थाना पुलिस ने महिला के कान का झाला झपटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से छीना गया पीली धातु का झाला, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मैथा निवासी पूर्णचन्द्र ने तहरीर देकर बताया था कि 14 अक्टूबर को उनकी पत्नी सगाई समारोह से लौट रही थीं। इसी दौरान बैरी बस्ता के आगे हिंदूपुर मोड़ के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने झपट्टा मारकर उनकी पत्नी के कान का झाला छीन लिया और फरार हो गए। मामले में शिवली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
तमंचा और कारतूस भी बरामद
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए इंद्रानगर तिराहा के पास मैथा मोड़ से अंकित यादव (21) निवासी उसरिया, थाना रसूलाबाद को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर छीना गया झाला और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। तलाशी में पुलिस को 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले। अवैध हथियार बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों अर्पित यादव निवासी अमरुहिया और अभिषेक यादव निवासी बड़ीकटिका, थाना रसूलाबाद के साथ वारदात को अंजाम देने की बात बताई। पुलिस ने दोनों को मुकदमे में शामिल करते हुए उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक योगेन्द्र कुमार शर्मा, अजय कुमार सहित पुलिस टीम ने की। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।