संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात, 08 जुलाई 2026। प्रदेश में संचालित 35 करोड़ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में 12 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। अभियान के तहत वन विभाग द्वारा अपनी पौधशालाओं से विभिन्न विभागों को उनकी मांग के अनुरूप निःशुल्क पौधों की आपूर्ति की जा रही है।
प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला ने बताया कि जनपद में वन विभाग के साथ अन्य 26 विभागों के सहयोग से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। अभियान में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इसे जन-जन का उत्सव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जनपद कानपुर देहात में 5 हजार से अधिक स्थानों पर कुल 50.38 लाख पौधों का रोपण किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए सभी विभागों द्वारा चिन्हित स्थलों पर पौधशालाओं से पौधों का परिवहन एवं वितरण लगातार किया जा रहा है, ताकि निर्धारित तिथि पर वृक्षारोपण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
प्रभागीय वनाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास उपलब्ध खाली भूमि पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।