उरई, 01 मई 2026 (सूचना विभाग)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जालौन की सचिव श्रीमती शाम्भवी प्रथम ने जानकारी देते हुए बताया कि मा० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आगामी 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली में लंबित प्रकरणों के निस्तारण हेतु विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन मा० जनपद न्यायाधीश श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में जिला न्यायालय, जालौन (उरई) में भी संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित अधिकाधिक मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण करना है।
सचिव ने बताया कि न्याय को सरल एवं सुलभ बनाने तथा आपसी सहमति से विवादों के समाधान को बढ़ावा देने के लिए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा “समाधान समारोह 2026” का शुभारंभ 21 अप्रैल 2026 से किया गया है, जिसकी परिणति अगस्त में आयोजित विशेष लोक अदालत के रूप में होगी।
उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल 2026 से सुलह बैठकों का आयोजन राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय स्तर पर स्थित विधिक सेवा प्राधिकरणों के मध्यस्थता केंद्रों में शुरू हो चुका है। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ एवं संबंधित अधिकारी पक्षकारों को आपसी सहमति से समाधान निकालने में सहायता करेंगे। पक्षकार इन बैठकों में सशरीर अथवा वर्चुअल माध्यम से भाग ले सकते हैं।
विशेष लोक अदालत में अपने मामले को शामिल करने के लिए इच्छुक पक्षकारों के लिए एक गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है, जिसे भरकर आवेदन किया जा सकता है। यह फॉर्म सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।
सचिव ने अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं सभी संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे इस पहल में सक्रिय भागीदारी करें और आपसी सहमति से विवादों का समाधान कर न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाने में सहयोग दें।
सहायता हेतु संपर्क:
वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) संपर्क नंबर: 011-23115652, 011-23116464
सीआरपी निदेशक संपर्क नंबर: 011-23115652, 011-23116465
ईमेल: speciallokadalat2026@sci.nic.in
यह पहल माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जनहित में जारी की गई है।