संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात। मैथा, रूरा, रनिया एवं अकबरपुर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर बुधवार को प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं अकबरपुर-रनिया विधायक प्रतिभा शुक्ला ने सर्किट हाउस माती में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सरकार की मंशा के अनुरूप विद्युत व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुचारु एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों से विद्युत संबंधी समस्याओं की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति में अनावश्यक व्यवधान न हो और उपभोक्ताओं को समय से राहत मिले, इसके लिए विभागीय अधिकारी प्रभावी कार्रवाई करें। बैठक में लो-वोल्टेज, ट्रांसफार्मरों की क्षमता, विद्युत आपूर्ति में आने वाली समस्याओं सहित अन्य विद्युत संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करने, विद्युत व्यवस्था की लगातार निगरानी रखने तथा सामने आ रही समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री प्रतिनिधि बउवा पांडेय, मुख्य अभियंता संदीप गुप्ता, अधीक्षण अभियंता मनीष गुप्ता, अधिशासी अभियंता रनिया ब्रजेश कुमार, सहायक अभियंता रूरा एवं रनिया विवेक पांडेय, विकास सोनी सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।