ईको पार्क माती में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के शुभारंभ का सजीव प्रसारण देखा गया

निःशुल्क बस यात्रा से मातृशक्ति को मिलेगा सुगम, सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवागमन का लाभ

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ से उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ के शुभारंभ एवं विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कानपुर देहात के ईको पार्क, माती में देखा एवं सुना गया।

रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान किए जाने संबंधी कार्यक्रम का भी सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।

दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान, अन्य जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में माताएं, बहनें एवं बेटियां मौजूद रहीं।

60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मिलेगा आजीवन निःशुल्क यात्रा का लाभ

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक महिलाओं को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। इससे महिलाएं अपने भाइयों के पास जाकर राखी बांध सकेंगी और रक्षाबंधन का पर्व सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मना सकेंगी।

उन्होंने बताया कि 29 अगस्त से प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ के तहत आजीवन निःशुल्क बस यात्रा का लाभ मिलेगा। महिलाएं आधार कार्ड अथवा निर्वाचन कार्ड दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगी।

राज्यमंत्री ने कहा कि यह योजना मातृशक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से बुजुर्ग महिलाएं प्रदेश के विभिन्न स्थानों, धार्मिक स्थलों एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा निःशुल्क कर सकेंगी। साथ ही उन्हें अपने परिवारजनों से मिलने में भी सुविधा मिलेगी।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर सरकार का जोर

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को लगातार लाभान्वित कर उनके सम्मान एवं सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि माताएं और बहनें आगे बढ़ेंगी तभी देश और प्रदेश आगे बढ़ेगा। महिला सशक्तिकरण के बिना समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उपस्थित महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने उपस्थित माताओं, बहनों एवं बेटियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मातृशक्ति के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान की गई हैं, जिनका प्रदेश की महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनपद में सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत अनुपालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से मिल सके।

महिलाओं ने जताया आभार

जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने भी उपस्थित महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने निःशुल्क बस यात्रा योजना को महिलाओं के लिए उपयोगी पहल बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी निःशुल्क बस यात्रा योजना के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी।

लाभार्थियों को वितरित किए गए चेक और किट

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित माताओं, बहनों एवं बेटियों को वस्त्र एवं मिष्ठान वितरित किया गया। वहीं राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, किट, वस्त्र एवं मिष्ठान प्रदान कर सम्मानित एवं लाभान्वित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जयगोविन्द, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, एआरएम रोडवेज मोहम्मद अश्फाक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में माताएं, बहनें एवं बेटियां मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *