संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात। बुधवार को पुलिस अधीक्षक महोदया जनपद कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा बारावफात पर्व के दृष्टिगत कस्बा अकबरपुर में भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया ने प्रमुख मार्गों, जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने जुलूस एवं कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था एवं पूर्व में चिन्हित संवेदनशील स्थानों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
साथ ही आयोजकों एवं स्थानीय नागरिकों से निर्धारित नियमों तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, प्रभारी निरीक्षक थाना अकबरपुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।