विकास भवन में 19 अगस्त को आयोजित होगा किसान दिवस

किसानों की समस्याओं का किया जाएगा समाधान, विभागीय योजनाओं एवं उन्नत कृषि तकनीक की दी जाएगी जानकारी

कानपुर देहात। शासन के निर्देशों के क्रम में उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव ने बताया कि किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए जनपद स्तर पर प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया जाता है।

इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे विकास भवन सभागार, माती में किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा की जाएगी। किसान दिवस में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर किसानों की समस्याओं को सुनेंगे तथा उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

किसान दिवस में कृषि एवं कृषि से जुड़े विभागों के अधिकारी प्रतिभाग करेंगे। इनमें उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य पालन विभाग, सहकारिता विभाग, मंडी समिति, लघु सिंचाई विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम, कृषि विज्ञान केंद्र, अग्रणी बैंक प्रबंधक, नेडा एवं फसल बीमा कंपनी के जनपद स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान किसानों द्वारा अपनी समस्याएं एवं शिकायतें संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखी जा सकेंगी। अधिकारियों द्वारा समस्याओं को सुनकर उनके नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही उपस्थित किसानों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कृषि संबंधी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों, नवीन कृषि पद्धतियों तथा कृषि क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्रदान की जाएगी, ताकि वे इनका लाभ उठाकर अपनी कृषि उत्पादकता एवं आय में वृद्धि कर सकें।

उप कृषि निदेशक ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में किसान दिवस में प्रतिभाग करें और अपनी कृषि संबंधी समस्याओं एवं सुझावों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें, जिससे उनका समयबद्ध निस्तारण कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *