शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर करें गुणवत्तापूर्ण निस्तारण : जिलाधिकारी
कानपुर देहात। सोमवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने तहसील मैथा में पहुंचकर आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तहसील मैथा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 84 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर प्रकरण की जांच की जाए। समस्या के समाधान के बाद शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसका फीडबैक भी लिया जाए, ताकि निस्तारण की वास्तविक स्थिति सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
भूमि विवाद के मामलों में संयुक्त टीम करे कार्रवाई
जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने तथा प्रकरणों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री संदर्भ, जनप्रतिनिधियों के संदर्भ, आईजीआरएस तथा तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
प्रतिदिन 10 से 12 बजे तक करें जनसुनवाई
जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई करें। साथ ही शिकायत पंजिका का विधिवत संधारण, प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा तथा लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के साथ संवेदनशील एवं शिष्ट व्यवहार करने के निर्देश भी दिए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याएं रखने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गौशालाओं के निरीक्षण के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने तहसील मैथा क्षेत्र में संचालित गौशालाओं की व्यवस्थाओं का भी संज्ञान लिया। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को संबंधित गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करने तथा निरीक्षण आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनपद की अन्य तहसीलों में भी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। अधिकारियों द्वारा फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डीएफओ प्रोमिला, उप जिलाधिकारी मैथा प्रतिभा मिश्रा, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।