संवाददाता, कानपुर देहात
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” की थीम पर जनपद कानपुर देहात के इको पार्क माती स्थित सामुदायिक भवन में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला (खरीफ उत्पादकता गोष्ठी) का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी, जनप्रतिनिधियों सहित जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।
सम्मेलन में कृषि, उद्यान, पशुपालन, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला कल्याण, पंचायत, श्रम, सहकारिता, कौशल विकास तथा अन्य विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी आमजन एवं किसानों को दी गई।
उप कृषि निदेशक ने पिछले 12 वर्षों में कृषि क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम कुसुम योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण जैसी योजनाओं से लाखों किसान लाभान्वित हुए हैं। जनपद में हजारों किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान, सोलर पंप तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों ने प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा जैविक कृषि के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। पशुपालन विशेषज्ञों ने पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं गोबर आधारित जैविक खाद के उपयोग के लाभों पर प्रकाश डाला।
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीण विकास, मनरेगा, स्वयं सहायता समूहों एवं रोजगार सृजन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग की विभिन्न पहल और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जागरूक किया।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने किसानों को फैमिली आईडी एवं फार्मर रजिस्ट्री के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़कर किसान सरकारी योजनाओं का पारदर्शी एवं त्वरित लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, नियुक्ति पत्र, आयुष्मान कार्ड, कृषि यंत्रों के स्वीकृति पत्र, बीज मिनीकिट तथा अन्य लाभकारी सामग्री वितरित की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, उद्यमियों एवं लाभार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी ने किसानों, श्रमिकों एवं महिलाओं के सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए स्वयं सहायता समूहों की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा कर अन्य किसानों को आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने बताया कि किसानों एवं आमजन को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।