संवाददाता, कानपुर देहात
पुलिस कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन कानपुर देहात में साप्ताहिक योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही योग के महत्व एवं नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
योग प्रशिक्षक ने बताया कि नियमित योग करने से व्यक्ति तनावमुक्त रहता है, मानसिक शांति प्राप्त होती है तथा शरीर स्वस्थ एवं ऊर्जावान बना रहता है। योग न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देता है, बल्कि एकाग्रता, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता में भी वृद्धि करता है, जिससे दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर बेहतर प्रदर्शन संभव होता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में सहभागिता की और नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह, क्षेत्राधिकारी डेरापुर धर्मेन्द्र कुमार, प्रतिसार निरीक्षक प्रेमचन्द्र सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं फिटनेस संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और कार्यकुशलता में सकारात्मक सुधार हो सके।