जिला स्तरीय रेस्क्यू टास्क फोर्स ने चलाया विशेष रेस्क्यू अभियान

संवाददाता, कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में जिलाधिकारी कपिल सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में गुरुवार को जिला स्तरीय रेस्क्यू टास्क फोर्स द्वारा विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया गया। यह अभियान माननीय न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में विकासखंड झींझक क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर संचालित किया गया।

अभियान के दौरान धार्मिक स्थलों, प्रमुख चौराहों, बस स्टॉप एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण कर कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे अनाथ, परित्यक्त एवं आपातकालीन स्थिति में रहने वाले व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया गया।

रेस्क्यू अभियान के तहत आमजन को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा एम्बुलेंस सेवा 108 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान विकासखंड झींझक क्षेत्र में सड़क पर कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे किसी भी अनाथ, परित्यक्त, निराश्रित महिला, पुरुष अथवा बच्चे की पहचान नहीं हुई। अधिकारियों ने इसे क्षेत्र में सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का सकारात्मक संकेत बताया।

रेस्क्यू अभियान में महिला कल्याण विभाग, वन स्टॉप सेंटर, स्वयंसेवी संस्था अकबरपुर, चाइल्ड हेल्पलाइन अकबरपुर तथा अन्य संबंधित विभागों के नामित अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

प्रशासन द्वारा बताया गया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे, ताकि जरूरतमंद एवं असहाय व्यक्तियों को समय पर सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *