संवाददाता
कानपुर देहात
राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार-2026 के लिए ऑनलाइन स्व-नामांकन की तिथि बढ़ा दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश एवं भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा चयन प्रक्रिया की समय-सारिणी में संशोधन किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब ऑनलाइन स्व-नामांकन की प्रक्रिया 17 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी, जबकि ऑनलाइन आवेदन/स्व-नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विकास खंडों में कार्यरत उत्कृष्ट शिक्षकों को राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार-2026 के लिए अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन आवेदन करने हेतु प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि पोर्टल पर कई शिक्षकों ने पंजीकरण तो कर लिया है, लेकिन अनेक आवेदन अभी पूर्ण रूप से सबमिट नहीं किए गए हैं। ऐसे सभी शिक्षकों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भारत सरकार द्वारा जारी संशोधित समय-सारिणी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि प्रत्येक विकास खंड से अधिक से अधिक योग्य शिक्षकों के आवेदन प्राप्त हो सकें। साथ ही जनपदीय चयन समिति से संबंधित सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जनपद के सभी पात्र एवं उत्कृष्ट शिक्षकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने की अपील की।