जनता दर्शन में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात

उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने गुरुवार को भगवान श्री परशुराम मंदिर परिसर स्थित जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान रनिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या-14 बजरंग नगर निवासी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी कन्हैयालाल ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद उनके आवास का सर्वे नहीं किया गया है। इस पर राज्यमंत्री ने तत्काल रनिया के लेखपाल से दूरभाष पर वार्ता कर शीघ्र सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं रनिया कस्बे के राजेंद्र चौराहा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे वर्षों से व्यवसाय कर रहे दुकानदारों ने दुकानों को हटाए जाने से आजीविका प्रभावित होने की समस्या उठाई। इस पर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक को पत्र भेजकर दुकानदारों के हितों का ध्यान रखते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने तथा यथासंभव राहत प्रदान करने का अनुरोध किया।

मैथा क्षेत्र के नौबस्ता गांव निवासी शिवकांती पाल ने शिकायत की कि गांव के कुछ लोगों द्वारा उनके परिवार के साथ मारपीट की गई, जिसमें तीन सदस्य घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवली में न तो समुचित उपचार मिला और न ही मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्यमंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल मेडिकल परीक्षण एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन के दौरान पुलिस, राजस्व, विद्युत, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, जल निकासी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 28 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके और शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।

इस अवसर पर संजय पांडेय, प्रमोद सिंह चंदेल, बीनू मिश्रा, सोनू मिश्रा, अरविंद द्विवेदी, बउवन द्विवेदी, पप्पू तिवारी, रामजी तिवारी, रवि कुशवाहा, विमल दुबे, विद्याशंकर कुशवाहा, शिवम पाल, हिमांशु पाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *