कानपुर देहात में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, विशेष अभियान में 242 वाहनों के चालान

संवाददाता
कानपुर देहात

अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद कानपुर देहात में सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष यातायात चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत यातायात पुलिस, थाना पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।

विशेष अभियान के अंतर्गत 18 जुलाई 2026 को रात्रि 8:00 बजे से 11:00 बजे तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोककर मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट तथा अन्य यातायात नियमों की जांच की। साथ ही ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की शराब पीकर वाहन चलाने की भी जांच की गई।

अभियान की प्रमुख कार्रवाई

  • 242 वाहनों का चालान किया गया।
  • विभिन्न उल्लंघनों में ₹17,96,000 का शमन शुल्क निर्धारित करते हुए विधिक कार्रवाई की गई।
  • मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा के लिए कभी भी नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा सभी यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *