राजस्व वसूली में ढिलाई पर डीएम की सख्ती — लक्ष्य पूर्ण न करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

प्रेस विज्ञप्ति
जनपद जालौन — दिनांक 14 अक्टूबर 2025 (सू०वि०)

तीन वर्ष पुराने राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण और अवैध कब्जों पर चलाने के निर्देश दिए अभियान

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में कर करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली एवं प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने आबकारी, स्टाम्प, परिवहन, विद्युत, खनिज व व्यापार कर विभागों की लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली कम होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लक्ष्य प्राप्ति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने मंडी परिषद को भी अपनी राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि तीन वर्ष से अधिक पुराने राजस्व वादों का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि धारा 34 व 116 के अंतर्गत लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण कर जनता को समय पर न्याय उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि, तालाब, चारागाह एवं सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जाए। किसी भी स्तर पर कब्जे की शिकायत मिलने पर राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल कार्रवाई करे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के विकास कार्यों को गति देने और शासन के लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु सभी विभाग पारदर्शिता, तत्परता और उत्तरदायित्व की भावना से कार्य करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी फील्ड में रहकर समस्याओं का समाधान करें और जनहित के कार्यों में कोई लापरवाही न बरती जाए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार,
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेन्द्र सिंह,
अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य,
नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा,
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल सहित सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *