किसानों को 48 घंटे में मिलेगा कीट-रोग की समस्या का समाधान, कृषि रक्षा विभाग ने जारी किए संपर्क नंबर
संवाददाता
उरई/जालौन।
रबी सीजन 2026-27 में फसलों को रोगों से बचाने के लिए जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. गगन दीप सिंह ने किसानों से बुवाई से पहले बीज शोधन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सरसों, चना, मटर, मसूर, गेहूं और जौ सहित अन्य रबी फसलों में बीज शोधन करने से अंकुरण बेहतर होता है और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलती है।
उन्होंने किसानों को प्रमाणित बीज का चयन करने तथा अनुशंसित फफूंदनाशी या जैविक उत्पाद से बीज उपचार करने की सलाह दी। इससे उकठा, झुलसा, जड़ गलन और बीज सड़न जैसे रोगों से फसलों का बचाव करने में मदद मिलती है। किसानों को बीज उपचार के लिए निर्धारित मात्रा और कृषि विशेषज्ञों की सलाह का पालन करने की भी जरूरत है।
व्हाट्सएप पर भेजें फसल की समस्या
फसलों में कीट या रोग की समस्या होने पर किसान 9452247111 और 9452257111 पर एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से जानकारी भेज सकते हैं। संदेश में फसल का नाम, रोग के लक्षण, गांव का नाम और प्रभावित फसल की फोटो भेजनी होगी।
कृषि रक्षा विभाग के अनुसार, किसानों को समस्या का समाधान 48 घंटे के भीतर उपलब्ध कराया जाएगा। अधिक जानकारी और सहायता के लिए किसान अपनी नजदीकी कृषि रक्षा इकाई से संपर्क कर सकते हैं।