पौधों के संरक्षण से लेकर नदियों की स्वच्छता तक, पर्यावरण संरक्षण पर डीएम सख्त

वृक्षारोपण के बाद पौधों की देखभाल और वेटलैंड संरक्षण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात।

जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला वेटलैंड समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें वृक्षारोपण के बाद पौधों के संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और जल निकायों को प्रदूषण व अतिक्रमण से बचाने पर जोर दिया गया।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोपित पौधों की नियमित सिंचाई, देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण की सफलता केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें जीवित रखकर विकसित करना भी जरूरी है।

नदियों एवं जलस्रोतों की स्वच्छता की समीक्षा करते हुए उन्होंने ठोस कचरे और प्रदूषित जल का प्रवाह रोकने तथा नदी तटों पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं, तालाबों और आर्द्रभूमियों को अतिक्रमण, प्रदूषण एवं क्षरण से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से पर्यावरण संरक्षण के कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंकित शुक्ला, डीएफओ प्रोमिला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *