दशमोत्तर छात्रवृत्ति की संशोधित समय-सारिणी जारी, 13 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

नवीनीकरण और नए विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित, दिसंबर से जनवरी तक होगा छात्रवृत्ति राशि का अंतरण

संवाददाता
उरई/जालौन।

जनपद में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना (कक्षा 11-12 को छोड़कर) की संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए शिक्षण संस्थानों का मास्टर डाटाबेस तैयार करने से लेकर ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन और छात्रवृत्ति वितरण तक की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नवीन (फ्रेश) विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की अंतिम तिथि 13 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। विद्यार्थी 15 नवंबर तक आवेदन का अंतिम प्रिंट निकाल सकेंगे, जबकि आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन की हार्ड कॉपी 16 नवंबर तक संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी। संस्थानों को 17 नवंबर तक आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें अग्रसारित करना होगा।

नवीनीकरण वाले विद्यार्थियों के लिए भी 13 नवंबर तक मौका

कक्षा 12 से उच्चतर कक्षाओं में अध्ययनरत नवीनीकरण (रिन्यूअल) के छात्र-छात्राओं को 13 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन का नवीनीकरण कर उसकी हार्ड कॉपी शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी। संस्थानों को 15 नवंबर तक विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक, प्राप्तांक, पूर्णांक एवं उपस्थिति दर्ज कर पात्र विद्यार्थियों के आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें अग्रसारित करना होगा।

दिसंबर से जनवरी तक जारी होगी छात्रवृत्ति राशि

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नवीन विद्यार्थियों के त्रुटिरहित आवेदनों पर जनपदीय समिति द्वारा 6 से 15 दिसंबर तक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद 16 से 20 दिसंबर तक मांग सृजन और 21 से 31 दिसंबर 2026 तक छात्रवृत्ति राशि का अंतरण प्रस्तावित है।

वहीं, नवीनीकरण वाले विद्यार्थियों के त्रुटिरहित डाटा पर 22 नवंबर से 2 दिसंबर तक कार्रवाई, 3 से 6 दिसंबर तक मांग सृजन तथा 7 से 11 दिसंबर तक धनराशि का अंतरण निर्धारित किया गया है।

संदेहास्पद अथवा त्रुटिपूर्ण आवेदनों के सत्यापन और सुधार के लिए भी अलग समय-सारिणी निर्धारित की गई है। नवीन विद्यार्थियों के ऐसे आवेदनों पर जनवरी 2027 तक प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि नवीनीकरण वाले विद्यार्थियों के मामलों में छात्रवृत्ति राशि के अंतिम चरण का अंतरण 16 से 25 जनवरी 2027 तक निर्धारित है।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और सभी आवश्यक अभिलेख सही तरीके से जमा करें, ताकि सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि के कारण छात्रवृत्ति मिलने में परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *