315 बोर का तमंचा, चार जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद; आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
संवाददाता
कानपुर देहात।
जनपद में अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रनियां थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शिवाजी नगर स्थित एक किराये के मकान में कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान ज्ञानेश दुबे (करीब 48 वर्ष), पुत्र नंदकिशोर दुबे, निवासी ग्राम कुर्सी दलितपुर, थाना रसूलाबाद, जनपद कानपुर देहात, के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रनियां थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर में किराये के मकान में रह रहा था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर, चार जिंदा कारतूस 315 बोर और एक खोखा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर थाना रनियां में मुकदमा अपराध संख्या 191/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार पाल, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह और मुख्य आरक्षी सत्येंद्र कुमार शामिल रहे।