योग वेलनेस सेंटर एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, नियमित योगाभ्यास एवं जनजागरूकता अभियान पर दिया जोर
संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद में संचालित योग वेलनेस सेंटरों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से आमजन को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में योग प्रशिक्षकों, योग सहायकों एवं अंशकालिक योग सहायकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में योग कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन, जनजागरूकता अभियान तथा शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने सभी योग प्रशिक्षकों से शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा अधिक से अधिक लोगों को नियमित योगाभ्यास से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक प्रशिक्षक को पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
जिलाधिकारी ने अंशकालिक पुरुष योग प्रशिक्षकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों, विद्यालयों एवं सामुदायिक स्तर पर कुल 32 योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इनमें 20 कार्यक्रम हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर तथा 12 कार्यक्रम विद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर एक-एक घंटे की अवधि के साथ आयोजित करना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक माह विद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कम से कम दो घंटे का सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) आधारित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाए, जिससे लोगों को योग के महत्व, उसके स्वास्थ्य लाभ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके। साथ ही वर्ष में कम से कम दो व्यापक योग जागरूकता अभियान भी संचालित किए जाएं।
महिला योग प्रशिक्षकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक माह कम से कम 20 योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने महिला प्रशिक्षकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वयं सहायता समूहों, महिला मंडलों एवं अन्य महिला समूहों तक योग की पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं नियमित योगाभ्यास से जुड़ सकें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में तैनात सभी अंशकालिक पुरुष एवं महिला योग प्रशिक्षक शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। योग कार्यक्रमों का नियमित संचालन, अभिलेखीकरण, उपस्थिति का समुचित संधारण एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरे किए जा सकें।
उन्होंने कहा कि योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिए विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, शहरी क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर निरंतर योग शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
बैठक में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी वरुण गुप्ता, जनपद के पुरुष एवं महिला योग प्रशिक्षक, योग सहायक तथा अंशकालिक योग सहायक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।