गूगल मीट के माध्यम से क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से जुड़े, फरियादियों की शिकायतों की समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के दिए निर्देश
संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद जालौन में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जालौन ने बुधवार को गूगल मीट के माध्यम से क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वर्चुअल जनसुनवाई की। इस दौरान विभिन्न थानों एवं पुलिस कार्यालयों में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वर्चुअल जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों से उनके निस्तारण की प्रगति के बारे में विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और आमजन को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसका प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का नियमित अनुश्रवण किया जाए और जिन मामलों में स्थलीय जांच की आवश्यकता हो, उनमें तत्काल कार्रवाई कर निष्पक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील, जवाबदेह एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से आमजन के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने तथा प्रत्येक शिकायत का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वर्चुअल बैठक में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।