संवाददाता
कानपुर देहात
जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में संचालित जुए के फड़ पर छापा मारकर चार जुआरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से ₹35,700 नकद, 52 ताश के पत्ते और एक सफेद गमछे का फड़ बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना शिवली पुलिस टीम ने बाघपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गौरी के आगे खेत में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अनुज शुक्ला, सुनील कुमार, अनिल कुमार और जीतू कुमार वर्मा को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से फड़ पर रखे ₹34,400 तथा जामा तलाशी में मिले ₹1,300 सहित कुल ₹35,700 नकद, 52 ताश के पत्ते एवं एक सफेद गमछा बरामद किया गया। सभी आरोपी कानपुर नगर जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।
इस संबंध में थाना शिवली में मु0अ0सं0 208/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी अमरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई करते हुए जनपद में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने का संदेश दिया।