मेधा का सम्मान, सपनों को नई उड़ान : मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के जनपद के टॉप-10 छात्र-छात्राओं को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, विकास भवन में हुआ सजीव प्रसारण

संवाददाता, उरई/जालौन

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोक भवन सभागार, लखनऊ में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह के माध्यम से माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश स्तर पर कुल 1,682 मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं प्रधानाचार्यों को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।

इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद जालौन में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में देखा गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि आर.पी. निरंजन, मयंक त्रिपाठी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जनपद जालौन के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वोच्च प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10-10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रत्येक मेधावी छात्र-छात्रा को ₹21,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन एवं नई दिशा दी गई।

जनपद के टॉप प्रदर्शनकर्ता

हाईस्कूल परीक्षा में श्री बजरंग इंटर कॉलेज, उरई के छात्र आदर्श दुबे ने 600 में 569 अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में ए.एम.वी. इंटर कॉलेज, जालौन के छात्र तनु खरे ने 500 में 459 अंक प्राप्त कर जनपद में शीर्ष स्थान हासिल किया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के विचार

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सम्मानित छात्र-छात्राएं न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद का गौरव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया।

सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान यह दर्शाता है कि प्रतिभा और परिश्रम का सदैव सम्मान होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके जीवन की नई शुरुआत है और उन्हें आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखना चाहिए।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभा को सम्मान के साथ अवसर भी प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के परिश्रम, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *