संवाददाता, उरई/जालौन
पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारीगण के साथ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान थानों एवं पुलिस कार्यालयों में आए फरियादियों की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना गया।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को न्याय समय पर मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब न किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
वर्चुअल जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस अधीक्षक ने पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील एवं जनोन्मुखी बनाने पर जोर दिया।