मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान के तहत स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 5 वाहन किए गए निरुद्ध

संवाददाता
उरई/जालौन

स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान के तहत परिवहन विभाग, जालौन द्वारा बुधवार को विभिन्न मार्गों पर स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान वाहनों की फिटनेस, परमिट एवं सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया तथा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार एवं यात्री/मालकर अधिकारी आनन्द राय कुरील के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में कई स्कूली वाहनों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान राजेश कुमार ने परिवहन नियमों एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 03 स्कूली वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें थाना माधौगढ़ में निरुद्ध कराया, जबकि अन्य वाहनों के चालान भी किए गए।

इसी प्रकार यात्री/मालकर अधिकारी आनन्द राय कुरील ने जांच के दौरान 02 स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर उन्हें औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी, उरई में निरुद्ध कराया तथा अन्य नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान किए।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन एवं वाहन स्वामियों को निर्देश दिए हैं कि वे माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों, जैसे जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, आपातकालीन द्वार, फिटनेस प्रमाणपत्र, वैध परमिट तथा प्रशिक्षित चालक की व्यवस्था शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

परिवहन विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने से पहले वाहन की सुरक्षा व्यवस्था एवं आवश्यक दस्तावेजों की वैधता की जानकारी अवश्य सुनिश्चित करें, ताकि बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *