खरीफ सीजन के लिए सभी राजकीय बीज भंडारों पर बीज उपलब्ध, किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान का मिलेगा लाभ

संवाददाता
उरई/जालौन

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनपद के किसानों को सूचित किया है कि खरीफ सीजन की बुवाई के लिए जनपद के सभी 09 विकास खंडों के राजकीय कृषि बीज भंडारों पर विभिन्न फसलों के प्रमाणित बीज उपलब्ध करा दिए गए हैं। बीजों का वितरण “पहले आओ, पहले पाओ” नीति के आधार पर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि किसान ढैचा, धान, उर्द, मूंग एवं अरहर के प्रमाणित बीज निर्धारित दरों पर प्राप्त कर सकते हैं। प्रमाणित बीजों का विक्रय मूल्य प्रति किलोग्राम इस प्रकार निर्धारित किया गया है— मोटा धान ₹48.64, महीन धान ₹48.93, बासमती धान ₹63.46, उर्द ₹132.16, मूंग ₹145.02, ढैचा ₹155.00 तथा अरहर ₹134.21

जिलाधिकारी ने बताया कि सभी फसलों के बीजों पर 50 प्रतिशत अनुदान “सब्सिडी एट सोर्स” के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। पंजीकृत किसानों को पीओएस मशीन पर आधार प्रमाणीकरण के बाद अनुदान का लाभ मिलेगा तथा शेष राशि किसान अंश के रूप में देनी होगी। इसके अलावा पात्र किसानों को बीज मिनी किट भी पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बीज प्राप्त करने के लिए किसान का उत्तर प्रदेश दर्शन-2 पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, जमीन की खतौनी एवं बैंक खाते का विवरण आवश्यक होगा। एक किसान को अधिकतम दो हेक्टेयर तक की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि किसी भी प्रकार की जानकारी या अनुदान संबंधी समस्या होने पर सबसे पहले अपने निकटतम राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क करें। आवश्यकता पड़ने पर किसान उप कृषि निदेशक कार्यालय से भी संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से समय रहते प्रमाणित बीज प्राप्त कर खरीफ फसलों की बुवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *