संवाददाता
उरई/जालौन
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी विवेक कुमार गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, लखनऊ द्वारा संचालित उत्तर प्रदेश सरकार की टूल किट्स वितरण योजना के अंतर्गत जनपद में पात्र कारीगरों को निःशुल्क मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत भुर्जी समाज से जुड़े कारीगरों को निःशुल्क पॉपकार्न मशीन तथा स्वरोजगार में रुचि रखने वाले पात्र कारीगरों को दोना-पत्तल मशीन वितरित की जाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को दोनों श्रेणियों में 08-08 मशीनों के वितरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
योजनांतर्गत प्राप्त आवेदनों के आधार पर 14 जुलाई 2026 को परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, झांसी मंडल, झांसी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा अभ्यर्थियों का चयन एवं साक्षात्कार किया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने सभी आवेदकों से अपील की है कि वे 14 जुलाई 2026 को प्रातः 10:30 बजे जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, चुर्खी रोड, उरई (जनपद जालौन) में निर्धारित समय पर उपस्थित हों।
साक्षात्कार के समय अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज, जैसे राशन कार्ड, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक अंकपत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेख अपने साथ लाना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने कहा कि पात्र अभ्यर्थियों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।