मिशन शक्ति 6.0: टूटते परिवारों को जोड़ने की पहल, सफल दंपतियों को किया सम्मानित

उरई में पुलिस लाइन में आयोजित हुआ परिवार मिलन एवं सम्मान समारोह, एएसपी ने महिला सुरक्षा और पारिवारिक सौहार्द पर दिया जोर

संवाददाता
उरई/जालौन।

उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत शुक्रवार को पुलिस लाइन उरई में परिवार मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से सुलझाए गए पारिवारिक विवादों के बाद सुखमय जीवन व्यतीत कर रहे दंपतियों को उनके परिजनों सहित बुलाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ टूटते परिवारों को फिर से जोड़ना और दांपत्य जीवन में आपसी समझ एवं सौहार्द स्थापित करना रहा। परिवार परामर्श केंद्र और मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से काउंसलिंग एवं मध्यस्थता कर कई पारिवारिक मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया।

काउंसलिंग से परिवारों में लौटी खुशियां

समारोह के दौरान सम्मानित दंपतियों ने बताया कि वे वर्तमान में सुखपूर्वक और सौहार्दपूर्ण तरीके से साथ रह रहे हैं। उन्होंने जालौन पुलिस के मिशन शक्ति केंद्र की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एएसपी डॉ. ईशान सोनी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज में उनकी गरिमा स्थापित करना भी है। परिवार टूटने का सबसे अधिक असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है। इसलिए पुलिस का प्रयास है कि काउंसलिंग और आपसी संवाद के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों को जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि जालौन पुलिस का परिवार परामर्श केंद्र पीड़ित महिलाओं की सहायता के लिए सदैव तत्पर है। जरूरतमंद महिलाएं यहां अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क कर सकती हैं।

पुष्पमाला पहनाकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के अंत में सफलतापूर्वक सुलझाए गए पारिवारिक मामलों के दंपतियों को पुष्पमाला पहनाकर एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके सुखी एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की गई। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक एवं परिवार परामर्श केंद्र के प्रभारी सहित संबंधित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *